देश की अर्थव्यवस्था का रीढ़ होता है व्यापारी : आरपीएन सिंह
उद्योग व्यापार मंडल ने आयोजित किया “व्यापारिक संवाद” कार्यक्रम
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और नगर के विकास में उनका अहम योगदान है। वे उद्योग व्यापार मंडल पड़रौना द्वारा नगर के एक होटल में आयोजित “व्यापारिक संवाद” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने व्यापारिक समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में व्यापार के सुचारू संचालन के लिए बुनियादी ढांचे का विकास प्राथमिकता में है। जाम की समस्या के समाधान हेतु बाईपास रोड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस वित्तीय वर्ष में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि बरसात से पहले इस सड़क को चालू किया जा सके।
श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र को सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। पासपोर्ट कार्यालय जल्द ही शुरू होगा, जिससे यहां के निवासियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि शहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकारें लगातार काम कर रही हैं।
सदर विधायक ने दी विकास कार्यों की जानकारी
विशिष्ट अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने बताया कि नगर में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण जल्द पूरा होगा और नई जेल का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि मंडी समिति का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पड़रौना को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
व्यापारियों की उपस्थिति और संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष दीप नारायण अग्रवाल ने की, जबकि संचालन प्रांतीय मंत्री एवं नगर महामंत्री जगदंबा प्रसाद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उप चेयरमैन अजय कुमार गुप्ता, अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संरक्षक आनंद कुमार टिबड़ेवाल, कोषाध्यक्ष सौरभ कुमार टिबड़ेवाल सहित अन्य व्यापारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।