डिप्टी सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाला सपा नेता गिरफ्तार,सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था विवादित पोस्ट
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,फतेहपुर। फतेहपुर जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खागा विधानसभा के सपा उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश यादव को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और ब्राह्मण समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को चंदापुर मजरे गढ़ा गांव निवासी सत्यप्रकाश ने अपनी फेसबुक आईडी से एक विवादित पोस्ट की, जिसमें ब्राह्मण समाज को लेकर अपशब्द लिखे गए थे और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के संबंध में डीएनए टेस्ट जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था। पोस्ट कुछ ही देर में वायरल हो गई, जिससे ब्राह्मण समाज के लोगों में तीव्र आक्रोश फैल गया। समाज के लोगों ने इसे समुदाय विशेष पर हमला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। इस संबंध में गढ़ा गांव के समाजसेवी शेषनारायण शुक्ला ने किशनपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्यप्रकाश पूर्व में भी कई बार भड़काऊ, जातिगत और असामाजिक पोस्ट करता रहा है। विरोध करने पर वह धमकी देने से भी पीछे नहीं हटता। शुक्ला का कहना है कि आरोपी की पोस्ट पर कुछ अन्य लोग भी प्रतिक्रिया देते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी भी तेज कर दी गई है।