पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से कुशीनगर में बढ़ी ठंड, अलाव बना सहारा
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जिले में ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर यहां के मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दिनभर चलने वाली 6-8 किलोमीटर प्रति घंटे की शीतल हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के कारण लोग घरों में कैद हो गए हैं और अलाव के स हारे ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। हल्की धूप कभी-कभी राहत देती है, लेकिन ठंडी हवाओं की रफ्तार ने कामकाज को भी प्रभावित किया है। ठंड के चलते सुबह का कोहरा और दिनभर की बदली से जनजीवन प्रभावित हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए बाहर निकलना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। चौक-चौराहों पर लोग अलाव के पास समय बिताते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह अधिकतम तापमान 19-22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह की नमी 60-71% और शाम को 30-37% रहेगी। पछुआ हवाओं की तेज गति ठंड को और बढ़ा सकती है।
प्रशासन की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने ठंड से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। कंट्रोल रूम का नंबर भी सार्वजनिक किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मदद मिल सके। स्वास्थ्य विभाग ने बदलते मौसम में खास सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
सुझाव और सावधानियां
1. घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें।
2. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
3. गर्म पानी का सेवन करें और ठंडी चीजों से बचें।
4. शरीर को गर्म रखने के लिए अलाव का सहारा लें।
ठंड बढ़ने के साथ लोग प्रशासन और समाजसेवी संगठनों से अलाव की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।