
बीजेपी राज में आपातकाल से भी बदतर हालात: पूर्व मंत्री
समाजवादी पार्टी ने किया सेनानियों का सम्मान
दिनेश कुमार ओझा/लोकयुक्त न्यूज
कसया,कुशीनगर। समाजवादी पार्टी द्वारा कसया नगर स्थित एक मैरेज हाल में लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि व पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा आज का दौर आपातकाल से भी भयावह है। सच बोलने पर जेल भेजा जा रहा है, जन आंदोलनों को कुचला जा रहा है। उन्होंने युवाओं को चेताते हुए कहा कि अगर वर्तमान अन्याय, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ अब भी आवाज़ नहीं उठी तो यह भविष्य की पीढ़ियों के साथ धोखा होगा। पूर्व एमएलसी व सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने मुलायम सिंह यादव को लोकतंत्र सेनानियों का सच्चा संरक्षक बताते हुए कहा कि मुलायम सिंह जी ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान के लिए कानून बनाया था। उनके प्रयासों से ही आज ये सेनानी सम्मानित हो रहे हैं। समारोह की अध्यक्षता कर रहे लोकतंत्र रक्षक संघ के संरक्षक जितेंद्र पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र का लक्ष्य भयमुक्त नागरिक तैयार करना है। वहीं, जिला महामंत्री बंका सिंह ने कहा कि देशभर में लोकतंत्र सेनानियों को जो सम्मान मिल रहा है, उसका श्रेय सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को जाता है। इस अवसर पर वक्ताओं ने आपातकाल की विभीषिका को याद किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए लोकतंत्र बचाने का संकल्प दोहराया। ब्यास मुनि ने आपातकाल के संस्मरण सुनाते हुए जनमानस को झकझोर दिया। मिथिलेश्वर पांडेय, राधा कृष्ण सिंह, एडवोकेट कृष्ण कुमार तिवारी समेत कई वक्ताओं ने लोकतंत्र के प्रति सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व सपा जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से दीनानाथ यादव, नरेंद्र वर्मा, सचिन दीक्षित, सीताराम त्रिपाठी, पौहारी सिंह, पारस सिंह, छोटेलाल शर्मा, शारदा, केश्वर, सुरेश, राम गोविंद सिंह, गौरीशंकर गुप्ता, रामजी वर्मा, फत्ते आलम, फिरोज अंसारी समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।