
सहारनपुर: युवक को निर्वस्त्र कर की मारपीट, वीडियो वायरल-पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, देखें वीडियो
लोकायुक्त न्यूज़
उत्तर प्रदेश में जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना चोरी के शक में हुई। पीड़ित युवक शराब के नशे में था और कथित तौर पर चोरी की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद एक व्यक्ति ने युवक को पकड़कर निर्वस्त्र कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इस बर्बरता का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू कर दी।
एसपी देहात सागर जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि,
“वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित युवक की पहचान कर ली है और उससे तहरीर प्राप्त कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस घटना ने स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। पीड़ित के साथ हुई बर्बरता को लेकर लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने का आश्वासन दिया है।