लुटेरी दुल्हन : महिला ने युवक को प्रेम जाल में फंसाया-मंदिर में शादी की फिर पहली ही रात डेढ़ लाख रुपये व जेवरात लेकर हुई फरार
लोकायुक्त न्यूज़
खबर उत्तर प्रदेश से है जहाँ लुटेरी दुल्हनों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बदायूं जिले से सामने आया है। यहाँ एक महिला ने युवक को प्रेम जाल में फंसाया, मंदिर में शादी की, और फिर पहली ही रात डेढ़ लाख रुपये व जेवरात लेकर फरार हो गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मामला बदायूं जिले के उसावां क्षेत्र के रावतपुर गांव का है। यहां के निवासी रमन पाल को एक महिला ने फोन के जरिए संपर्क किया और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद महिला ने शादी की बात की। रमन पाल तैयार हो गया। अचानक महिला अपनी एक साथी के साथ रमन पाल के घर पहुंची और शादी के लिए दबाव बनाने लगी।
रमन पाल ने शाहजहांपुर जिले के पटना देवकली मंदिर में महिला से शादी कर ली। इस दौरान महिला की साथी ने शादी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये भी लिए। शादी के बाद दुल्हन और उसकी साथी रमन पाल के घर पहुंचीं। लेकिन पहली ही रात दुल्हन ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गई।
सुबह जब उसकी साथी महिला भागने की कोशिश कर रही थी, तब घरवालों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी फरार महिला की तलाश जारी है।
पीड़ित पति रमन पाल का बयान :-
“महिला ने मुझसे शादी का झांसा देकर धोखा दिया। शादी के बाद जेवरात और पैसे लेकर भाग गई। पुलिस से न्याय की उम्मीद है।”