
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ। हज-2025 के तहत लखनऊ से जेद्दा के लिए रवाना हुए हज यात्रियों की पहली वापसी उड़ान आज तड़के लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। उड़ान संख्या SV-3106 निर्धारित समय 00:25 के बजाय 00:05 बजे उतरी। इस फ्लाइट से कुल 288 हज यात्री सकुशल लौटे।
एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण) एवं राज्य हज समिति के अध्यक्ष जनाब दानिश आज़ाद अंसारी ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने यात्रियों को फूल भेंट कर बधाई दी और उनसे हज यात्रा के अनुभव साझा किए।
यात्रियों ने मिना, अराफात और मुज़दलिफा में की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने राज्य हज समिति की सेवाओं और अधिकारियों की तत्परता की सराहना करते हुए हज यात्रा प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बताया।
मंत्री दानिश आज़ाद के साथ नवगठित राज्य हज समिति के सदस्यगण और अन्य अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। इनमें प्रमुख रूप से वली मोहम्मद, नदीमुल हसन, सैयद अली वारसी, हाफिज़ एजाज़ अहमद, कल्बे हुसैन, मोहम्मद इफ्तेखार हुसैन, कामरान खान, जुनैद अहमद अंसारी, जावेद कमर खान, और कमरुद्दीन (जुगनू) शामिल थे।
इसके अलावा, आज सुबह 5:22 बजे दूसरी वापसी उड़ान SV-3108 भी लखनऊ पहुंची, जिसमें 287 हज यात्री लौटे।
इस अवसर पर सचिव/कार्यपालक अधिकारी श्री एस.पी. तिवारी, विशेष कार्याधिकारी श्री मोहम्मद जावेद खान, प्रशासनिक अधिकारी श्री आरिफ रऊफ, और बड़ी संख्या में वालंटियर्स यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद थे।
उड़ान संख्या SV-3106: 288 यात्री, आगमन समय 00:05 बजे।
उड़ान संख्या SV-3108: 287 यात्री, आगमन समय 5:22 बजे।
स्वागत कार्यक्रम : मंत्री दानिश आज़ाद ने यात्रियों से बातचीत कर फीडबैक लिया।
यात्रियों ने यात्रा की सुविधाओं और राज्य हज समिति की सेवाओं की सराहना की।