
कुशीनगर में फूड पॉइजनिंग का कहर:8 बच्चों समेत 10 लोग बीमार, कप्तानगंज सीएचसी में भर्ती
एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे भी हैं शामिल, बासी खाना खाने के बाद बिगड़ी हालत
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,कुशीनगर। जनपद के कप्तानगंज तहसील अंतर्गत खोटही गांव के टोला सितापट्टी में फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। रविवार की रात भोज के बचे हुए भोजन को खाने के बाद 8 मासूम बच्चों सहित कुल 10 लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें गंभीर हालत में कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिलीप गुप्ता के घर लिंटर डालने के अवसर पर मंगलवार की रात भोज का आयोजन किया गया था। भोज में ताजे भोजन से किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन रात को बचा खाना सुबह दिलीप की पत्नी द्वारा रिश्तेदारों में बांटा गया। इसी बचे हुए भोजन के सेवन के बाद उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत शुरू हुई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। बीमार बच्चों में रूचि (11 वर्ष) पुत्री उमापति गुप्ता,राज (4 वर्ष) पुत्र उमापति गुप्ता,परिधि (6 वर्ष) पुत्री उमापति गुप्ता, अनमोल (5 वर्ष) पुत्र उमापति गुप्ता, प्रतिमा (4 वर्ष) पुत्री विजयलाल गुप्ता,अभिनव (9 वर्ष) पुत्र विजयलाल गुप्ता,अंशिका (11 वर्ष) पुत्री विजयलाल गुप्ता,लाडली (5 वर्ष) पुत्री सुदर्शन,अमरचंद गुप्ता (30 वर्ष) पुत्र मोती गुप्ता,कमली देवी (50 वर्ष) पत्नी मोती गुप्ता शामिल हैं। बीमारी के लक्षण दिखते ही सभी को एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी कप्तानगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया।
उक्त सम्बन्ध में सीएचसी प्रभारी डॉ. सूर्यभान कुशवाहा ने बताया कि सभी मरीजों को उचित चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला मछली युक्त भोजन के विषाक्त होने से उत्पन्न फूड पॉइजनिंग का प्रतीत होता है। स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।