
कुशीनगर पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक तस्कर घायल, दो गिरफ्तार
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। तरयासुजान थाना क्षेत्र में मंगलवार को पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो पशु तस्कर मौके से गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 राशि गोवंश, एक पिकअप, एक मैजिक वाहन, अवैध तमंचा, कारतूस, बांका, रस्सी सहित अन्य सामान बरामद किया है। यह गोवंश वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरयासुजान क्षेत्र में पशु तस्करों की सूचना पर बहादुरपुर चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पिकअप व मैजिक वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तो तस्करों ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक तस्कर घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल पशु तस्कर की पहचान संजय यादव पुत्र राधेश्याम यादव निवासी करम्बर मठिया थाना खेजुरी, जनपद बलिया के रूप में हुई। उसका साथी रोशन सिंह पुत्र नन्हे सिंह निवासी धनी छपरा थाना माझी, जनपद छपरा (बिहार) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो विभिन्न जनपदों से गोवंश को क्रूरता से वाहनों में लादकर बिहार ले जाकर वध कराता है और अवैध तरीके से धन अर्जित करता है। घायल आरोपी संजय यादव के खिलाफ पूर्व में बलिया जिले में मारपीट व आर्म्स एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में तरयासुजान थाना प्रभारी धनवीर सिंह, तमकुहीराज प्रभारी निरीक्षक सुशील शुक्ला, पटहेरवा थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा व चौकी प्रभारी बहादुरपुर उपनिरीक्षक अनुराध शर्मा की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।