
छितौनी तटबंध पर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, बाढ़ से पूर्व तैयारियों की समीक्षा
मरम्मत कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,कुशीनगर। बाढ़ से पूर्व तैयारियों की जमीनी हकीकत जानने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से तहसील खड्डा अंतर्गत भैंसहा गांव के समीप स्थित छितौनी तटबंध एवं स्परों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से सुरक्षा के लिए किए जा रहे मरम्मत कार्यों व अन्य तैयारियों का गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, एसडीएम मोहम्मद जफर, सीओ खड्डा श्री भट्ट, सहायक अभियंता बाढ़ खंड मनोरंजन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने नारायणी नदी के छितौनी तटबंध, ठोकरों (स्परों), लॉन्चिंग अप्रॉन और पेंचिंग कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरम्मत कार्य समय से और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संभावित जलप्लावन क्षेत्रों में पहले से राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की भी योजना तैयार की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विगत वर्षों में आई बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक समस्याएं, चिकित्सा व खाद्यान्न आपूर्ति की स्थिति की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों से भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से गंडक नदी के कटान प्रभावित गांवों की स्थिति और उनके लिए किए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों की भी जानकारी ली। अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ बचाव व तटबंधों के मरम्मत कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तथा फोटोग्राफ्स प्रतिदिन उपलब्ध कराए जाएं ताकि नियंत्रण कक्ष से समय-समय पर निगरानी की जा सके।