
सीएम योगी ने मेरठ में कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा,दी शुभकामनाएं
कांवड़ यात्रा आस्था, समर्पण और सामाजिक समरसता का प्रतीक: मुख्यमंत्री
लोकायुक्त न्यूज
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकमंगल के देवता और देवाधिदेव भगवान शिव की कृपा सभी को समान रूप से प्राप्त होती है। कांवड़ यात्रा श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और वृद्ध सभी समान भाव से सहभागी बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन के इस पावन माह में कांवड़ लेकर जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ रहे शिवभक्तों की कठिन साधना और परिश्रम में अपार श्रद्धा दिखाई दे रही है। इस भावना को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार, सामाजिक व धार्मिक संगठन तथा स्वयंसेवी संस्थाएं कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात के लिए पूरी तरह सजग हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान दूसरों की असुविधा का ध्यान रखें, सहयात्रियों और राहगीरों के साथ सौहार्द बनाए रखें। साथ ही मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कांवड़ यात्रा में विघ्न डालने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें हर हाल में बेनकाब करना जरूरी है। ऐसी किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन को देने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। सभी शिवभक्तों का दायित्व है कि यात्रा को शांति, अनुशासन और सहयोग के साथ सम्पन्न कराएं।