
कुशीनगर में सपा नेता पर नाबालिग से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज,पुलिस पर लापरवाही के आरोप
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,कुशीनगर: जिले के सेवरही थाने की पुलिस ने सपा नेता अनूप सोनी पर नाबालिग से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। पहले इस मामले में छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने सीओ की जांच के बाद इसे दुष्कर्म की धाराओं में बदल दिया। यह मामला न सिर्फ अपराध की गंभीरता बल्कि पुलिस की कार्यशैली और राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। सेवरही कस्बे के निवासी अनूप सोनी, जो सोने-चांदी का कारोबार करते हैं और सपा पार्टी से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रह चुके हैं, पर 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 11 जनवरी को उनकी बेटी खाना देकर लौट रही थी, तभी अनूप सोनी ने उसे अपनी दुकान के पिछले कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता जब रोते हुए घर पहुंची, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। पिता ने जब आरोपी से इस बारे में सवाल किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
पहले हल्की धाराओं में मामला दर्ज करने और बाद में इसे दुष्कर्म की धाराओं में बदलने को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने शुरू में आरोपी को बचाने की कोशिश की। उच्चाधिकारियों चाहिए की लापरवाही बरतने वालों पर भी जांच कर कठोर कारवाई करनी चाहिए।
आरोपी फरार, राजनीतिक माहौल गर्म
मामले में आरोपी अनूप सोनी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस बीच, सपा नेता ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है।
सपा के विधानसभा अध्यक्ष राकेश यादव ने भी इसे सपा नेताओं को बदनाम करने की साजिश बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय
इस मामले ने इलाके में खलबली मचा दी है। अनूप सोनी न सिर्फ एक व्यापारी हैं, बल्कि राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह बीते नगर पंचायत चुनाव में सपा के टिकट पर अध्यक्ष पद के लिए खड़े हुए थे।
क्या बोले जिम्मेदार
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पहले छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज किया था। लेकिन सीओ तमकुहीराज अमित सक्सेना की जांच के बाद इसे दुष्कर्म की धाराओं में तरमीम कर दिया गया। सीओ ने कहा, “प्रकरण की गहनता से जांच की गई और सभी तथ्यों के आधार पर धाराओं को बदला गया। मामले की विवेचना जारी है।”