
भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी जनता पार्टी 26 जुलाई से निकालेगी बाइक रैली
विशुनपुरा से होगी रैली की शुरुआत, शिक्षा व्यवस्था के विरोध में होगा प्रदर्शन
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,कुशीनगर: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 27,764 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने या उन्हें मर्ज (पेयरिंग) करने की योजना के विरोध में अपनी जनता पार्टी सड़क पर उतरने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के निर्देश पर जनपद कुशीनगर में 26 जुलाई से ब्लॉकवार बाइक रैली निकाली जाएगी। इसकी जानकारी अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद कुशवाहा ने दी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार की शिक्षा एवं रोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ यह विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और समर्थकों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।जिलाध्यक्ष ने बताया कि पहली रैली विकास खंड विशुनपुरा से शुरू होगी। यह बाइक रैली 26 जुलाई, शनिवार को सुबह 9 बजे दिनेश चौधरी (जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रतिनिधि) के आवास से निकाली जाएगी, जो सामाज कल्याण इंटर कॉलेज, मंशाछापर के निकट स्थित है। पार्टी ने साफ कहा है कि अगर सरकार ने शिक्षा और रोजगार को लेकर अपनी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।