
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गरजा बुलडोजर!
लोकायुक्त न्यूज़
उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में फातिमा हॉस्पिटल के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। यह कार्रवाई वाराणसी-गोरखपुर हाईवे से महज 60 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध निर्माण को हटाने के लिए की गई।
अवैध निर्माण के चलते गंभीर रूप से बीमार मरीजों को हॉस्पिटल ले जाने में बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे जाम की समस्या आम हो गई थी। आम जनमानस की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सीओ सिटी अंजनी कुमार पाण्डेय और पुलिस बल के जवानों ने अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए।
सीओ सिटी अंजनी कुमार पाण्डेय ने कहा, “यह कार्रवाई आम जनमानस की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। अवैध अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
फातिमा हॉस्पिटल के पास अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई।
सड़क किनारे बने अवैध निर्माण से मरीजों और राहगीरों को हो रही थी परेशानी।
सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और पुलिस बल ने मिलकर किया अभियान सफल।
प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध अतिक्रमण को सहन नहीं किया जाएगा, और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।