
गोकशी की साजिश में गिरफ्तार हुआ हिंदू योद्धा परिवार का संस्थापक-50 हजार रुपये लेकर रची थी झूठी साजिश, पुलिस ने किया पर्दाफाश
लोकायुक्त न्यूज़
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 50 हजार रुपये लेकर गोकशी की झूठी साजिश रचना, हिंदू योद्धा परिवार के संस्थापक विश सिंह कांबोज को भारी पड़ गई। सहारनपुर के थाना सरसावा पुलिस ने विश सिंह कांबोज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला ?
थाना सरसावा क्षेत्र के अंतर्गत अंबाला हाईवे पर गोवंश के चार कंकाल रखकर जाम लगाने की साजिश रचने का आरोप हिंदू योद्धा परिवार के संस्थापक विश सिंह कांबोज पर लगा है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि यह साजिश गोकशी के आरोपी के दोस्त के कहने पर रची गई थी। इसके लिए उसे 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोस्त टीपू कुरैशी ने कई महीनों पुराने गोवंश के कंकाल उपलब्ध कराए थे, जिन्हें हाईवे पर रखकर जाम लगाया गया। इसका मकसद एक दुश्मन गोकश को फंसाना और दो समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाना था।
ऑडियो चैट से हुआ खुलासा : पुलिस ने जांच में एक ऑडियो भी बरामद किया है, जिसमें विश सिंह कांबोज और गोकशों के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड है। इसमें गोकशी से जुड़े मामलों में डर दिखाकर अवैध वसूली करने की बात सामने आई है।
संगठन का नाम और गतिविधियां : विश सिंह कांबोज ने हिंदू योद्धा परिवार नाम से एक संगठन बनाया है, जिसमें कई युवाओं को जोड़ा गया है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि संगठन का इस्तेमाल गलत मकसदों के लिए किया जा रहा था।
पुलिस का बयान : एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि टीपू कुरैशी नामक आरोपी ने दुश्मन को फंसाने के लिए यह साजिश रचवाई। टीपू अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने विश सिंह को गिरफ्तार कर साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।