
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने कुलपति से भेंट की,कैडेटों की शानदार और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विश्वविद्यालय ने जताया हर्ष
रवि गुप्ता/लोकायुक्त न्यूज़
गोरखपुर। गणतंत्र दिवस परेड,नई दिल्ली 2025 में सहभागिता करके लौटे तीन एनसीसी कैडेटों—अंडर अफसर प्रशांत मल्ल, कैडेट वृंदा पांडेय और कैडेट आकृति सिंह—ने आज दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारियों प्रो. (कैप्टन) डी.एन. मौर्य एवं डॉ. (लेफ्टिनेंट) अनुपम सिंह भी उपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय के चयनित कैडेटों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए एक गौरवशाली क्षण है कि एक ही वर्ष में तीन कैडेट गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित हुए।
कैडेटों की शानदार उपलब्धि -: 44 यूपी बटालियन एनसीसी, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीए तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं—अंडर अफसर प्रशांत मल्ल, कैडेट वृंदा पांडेय और कैडेट आकृति सिंह—का गणतंत्र दिवस परेड 2025 के लिए चयन हुआ था। ये कैडेट 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुए और प्रधानमंत्री रैली का हिस्सा बने।
यह पहली बार हुआ है कि उत्तर प्रदेश के किसी विश्वविद्यालय से एक साथ तीन कैडेटों का चयन गणतंत्र दिवस परेड में हुआ है। इन कैडेटों को भारत के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, रक्षा सचिव, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से मिलने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
पिछले वर्षों में भी विश्वविद्यालय के कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन किया है। 2024 में अंडर अफसर सागर पांडेय गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुए थे और उन्हें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा ‘गवर्नर गोल्ड मेडल’ से सम्मानित किया गया था। 2023 में सीनियर अंडर अफसर प्रहलाद सिंह एवं सीनियर अंडर अफसर शिव कुमार साहनी गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित हुए थे, जो वर्तमान में भारतीय सेना का हिस्सा हैं।
कैडेटों की पारिवारिक पृष्ठभूमि -:
• अंडर अफसर प्रशांत मल्ल कुशीनगर जिले के हाटा तहसील के अब्दुल कलाम नगर, रामपुर मिश्री के निवासी हैं। उनके पिता श्री रामध्यान मल्ल किसान हैं।
• कैडेट आकृति सिंह गोरखपुर शहर के नंदानगर, कुराघाट की निवासी हैं। उनके पिता श्री मोहर सिंह वाहन चालक हैं।
• कैडेट वृंदा पांडेय गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज तहसील के हरपुर गांव की निवासी हैं। उनके पिता श्री आशीष पांडेय किसान हैं।
गणतंत्र दिवस परेड की कठिन चयन प्रक्रिया -: 44 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन होती है। वार्षिक प्रशिक्षण शिविरों, इंटर-बटालियन प्रतियोगिताओं, फ्लैग एरिया, ड्रिल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों आदि के आधार पर पहले ग्रुप स्तर, फिर प्रदेश स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर कठोर परीक्षणों के बाद कैडेटों का चयन किया जाता है। इसके उपरांत गणतंत्र दिवस परेड में विभिन्न कार्यक्रमों—पीएम रैली, कर्तव्य पथ परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रपति भवन भोज आदि—के लिए कैडेटों को चुना जाता है।
एनसीसी अधिकारियों प्रो. (कैप्टन) डी.एन. मौर्य और डॉ. (लेफ्टिनेंट) अनुपम सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के कैडेटों का चयन न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि मातृशक्ति की प्रबलता को भी दर्शाता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इन कैडेटों का लंदन में होने वाले अंतरराष्ट्रीय यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भी चयन संभावित है।
कुलपति प्रो.पूनम टंडन ने दी शुभकामनाएं -: कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा,“हमारे विश्वविद्यालय के तीन एनसीसी कैडेटों का गणतंत्र दिवस परेड में चयन होना अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह हमारे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिचायक है। यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। मैं इन कैडेटों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूँ और आशा करती हूँ कि वे इसी तरह आगे बढ़ते रहें और देश की सेवा में योगदान दें।”
इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है, और यह भविष्य में अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगा।