
एक सितम्बर से चलेगा ‘हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान संकल्प अभियान
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए निर्देश, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सौंपा संकल्प पत्र
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में एक सितम्बर को “हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सप्तम मंडल गोरखपुर के निर्देश पर बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में इस अभियान की तैयारी सुनिश्चित कराएं। जानकारी के अनुसार, पूरे देश के पाँच लाख विद्यालयों में यह संकल्प एक साथ लिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा-भाव और जीवन मूल्यों का विकास करना है। संकल्प पत्र में कहा गया है कि शिक्षक और छात्र मिलकर विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित व प्रेरणादायी बनाएंगे, संसाधनों को राष्ट्रधन मानते हुए उनका संरक्षण करेंगे तथा शिक्षा को चरित्र-निर्माण और समाज-सेवा का साधन मानेंगे।अभियान की तैयारी को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने खंड शिक्षा अधिकारियों को संकल्प पत्र सौंपा। महासंघ के पडरौना ब्लॉक अध्यक्ष रामायण यादव, मंत्री राजन शुक्ला, जिला महामंत्री मनीष तिवारी सहित अन्य शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह को संकल्प पत्र सौंपा। इसी क्रम में गोरखपुर मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल के नेतृत्व में कसया के खंड शिक्षा अधिकारी अशोक यादव को भी संकल्प पत्र दिया गया। इस अवसर पर नागेंद्र तिवारी, शैलेश कुमार, राकेश मणि त्रिपाठी, बृज नारायण गौड़, कृष्ण मोहन, अशोक दुबे, धनंजय मणि त्रिपाठी और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।