
वियतनाम में पांचवें अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित हुए कुशीनगर के डॉ. अभ्युदय कुमार
लोकायुक्त न्यूज
ब्यूरो,कुशीनगर। होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में प्रगतिशील चेहरों में से एक डॉ. अभ्युदय कुमार को वियतनाम की राजधानी हनोई में आयोजित 8 वें अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथी सम्मेलन में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अथक प्रयासों, चिकित्सकीय विशेषज्ञता और समाजसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस वर्ष का यह भव्य सम्मेलन जिसमें भारत सहित कई अन्य देशों के सैकड़ों होम्योपैथिक चिकित्सक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ शामिल हुए, उसमें होम्योपैथी चिकित्सा के उभरते नए आयामों और सफलताओं को साझा करने का मंच रहा। डॉ. अभ्युदय कुमार को विशेष रूप से उनकी चिकित्सा सेवाओं, विशेषकर किडनी की पथरी, एलर्जी, चर्म रोग तथा पेट से संबंधित पुरानी बीमारियों के उपचार में सटीक और प्रभावशाली परिणामों के लिए सम्मानित किया गया।
कुशीनगर जिले के पडरौना नगर में स्थित मौर्य होम्योपैथिक क्लिनिक के संचालक डॉ. अभ्युदय कुमार अपनी जीवनसंगिनी और सहायक डॉ. पूजा मौर्य के साथ मिलकर लगातार मरीजों की सेवा में सक्रिय हैं। उनकी क्लिनिक में स्थानीय जनमानस के साथ-साथ दूर-दूर के मरीज विभिन्न रोगों का सफल इलाज कराने आते हैं। डॉ. अभ्युदय कुमार ने इस आयोजन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, बल्कि पूरे भारत के होम्योपैथिक चिकित्सकों और उनके मरीजों के विश्वास का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि हम प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य और सुख-सुविधा प्रदान कर सकें। यह पुरस्कार हमें और अधिक मेहनत करने और होम्योपैथी के प्रति विश्वस्तर पर विश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। डॉ. अभ्युदय के लिए पाँच अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की यात्रा में एक और सुनहरी उपलब्धि है, जो उन्हें होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक अग्रणी चिकित्सक के रूप में स्थापित करती है।सम्मेलन के आयोजक एवं प्रतिभागी चिकित्सकों ने भी डॉ. अभ्युदय का सम्मान करते हुए उनकी उपलब्धियों को सराहा और आशा व्यक्त की कि उनके प्रयास देश-विदेश में होम्योपैथी चिकित्सा के प्रचार-प्रसार में मददगार साबित होंगे। इस समारोह में डॉ. अभ्युदय कुमार के साथ ही अन्य देशों के प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे विश्वव्यापी होम्योपैथी समुदाय को लाभ मिलेगा।